Maharajganj News : अब स्पार्किंग होते ही अपने आप कट जाएगी बिजली, महराजगंज में शुरू होगी नई व्यवस्था
13-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में बिजली से होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सभी विद्युत उपकेंद्रों के ब्रेकर अपग्रेड करने की तैयारी पूरी कर ली है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद तारों में स्पार्किंग या टूटने जैसी स्थिति में संबंधित फीडर की बिजली स्वतः बंद हो जाएगी, जिससे करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका काफी कम हो जाएगी।
जिले में 370 मेगावॉट क्षमता के 32 विद्युत उपकेंद्र हैं। इन उपकेंद्रों के फीडरों से चार लाख 96 हजार उपभोक्ताओं को बिजली सप्लाई होती है। विद्युत उपकेंद्र में इन कमिंग और आउट गोइंग दो ब्रेकर होते है। ब्रेकर फीडर क्षेत्र में दौड़ रहे तारों की हरकतों की मॉनिटरिंग करते हैं। तारों में स्पार्किंग या टूटकर नीचे गिरने पर ब्रेकर से आटोमेटिक फीडर की बिजली गुल हो जाती है। इससे जमीन पर गिरे तारों की बिजली गुल हो जाती है। लेकिन यदि ब्रेकर ठीक नहीं है तो स्पार्किंग की कौन कहें जमीन पर गिरे तारों में करंट दौड़ती रहती है।
विभाग सबसे पहले 132 केवी विद्युत उपकेंद्र बैकुंठपुर में लगे ब्रेकरों को अपडेट करेगा। इसके बाद गोपाला, निचलौल, फरेंदा और नौतनवा विद्युत उपकेंद्र और उनके 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के ब्रेकरों को अपडेट किया जाएगा।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी बिजलीघरों के ब्रेकर अपडेट करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्य जल्द शुरू होगा। इसके पूरा होने के बाद किसी भी फीडर पर स्पार्किंग या तार टूटने की स्थिति में बिजली स्वतः बंद हो जाएगी, जिससे बिजली हादसों में कमी आने की उम्मीद है।