Maharajganj News : मूंगफली बेचकर परिवार पालने वाले पिता की बेटे ने कर दी हत्या, आखिर क्यों ! पढ़िए वजह

    13-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। शराब और जुए की लत छोड़ने की नसीहत से नाराज बेटे ने अपने पिता की पहले बेरहमी से पिटाई की और फिर सड़क पर पटककर ईंट से सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

गांधी नगर वार्ड निवासी हरिखमन (55) ठेले पर मूंगफली बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी निर्मला, दो बेटे शेषनाथ (22) और मनोज (20) हैं। बताया जा रहा है कि शेषनाथ शराब और जुए का आदी है। इसे लेकर अक्सर घर में विवाद होता। शनिवार रात करीब दस बजे शेषनाथ शराब के नशे में घर पहुंचा। उसकी हालत देखकर हरिखमन ने उसे शराब न पीने के लिए समझाया।


इस पर शेषनाथ भड़क गया और पिता को पीटने लगा। हरिखमन बाहर की ओर भागे लेकिन शेषनाथ ने उनका कॉलर पकड़कर सड़क पर पटक दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। पत्नी और छोटे बेटे ने उन्हें बचाने का प्रयास किया पर वे कुछ कर पाते इससे पहले शेषनाथ ने पास में पड़ी ईंट उठाकर पिता के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। इससे हरिखमन की मौके पर ही मौत हो गई।

घर वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जारी है।