Maharajganj News : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी 10 साल के प्रिंस की ज़िंदगी, घरवालों ने शव रखकर किया चक्का जाम
13-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के बजही और डोमा गांव के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 10 वर्षीय बालक प्रिंस चौहान की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक के घर के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार, बजहा उर्फ अहिरौली निवासी सुरेंद्र चौहान का पुत्र प्रिंस चौहान साइकिल से डोमा की ओर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मिट्टी खाली कर लौट रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। इससे प्रिंस की मौत हो गई। इसी बीच हो रही बारिश से आसपास किसी को जानकारी नहीं होने पाई। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला।
घटना के बाद मृत बालक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को ट्रैक्टर मालिक के डोमा कांटी स्थित घर के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस बल को जाम हटवाने के लिए मशक्कत उठानी पड़ी। काफी देर तक चले मान मनौव्वल के बाद परिजन माने।
सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। तकरीबन एक घंटे तक चले मान मनौव्वल के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण माने और जाम हटाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है और शव को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालक की मौत के बाद जहां ग्रामीणों ने ट्रैक्टर मालिक के घर देर शाम तक सड़क जाम किया और रात तक पुलिस तैनात रही। वहीं उसकी मौत के बाद उसके गांव में देर रात तक कोहराम मचा रहा। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रिंस दो भाइयों में बड़ा था और गांव के बगल में एक निजी स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता सुरेन्द्र खेती करके जीवन यापन करते हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।