Maharajganj News : आम खा रहे, फल बिखेर रहे... छुट्टा मवेशियों से परेशान व्यापारियों ने मांगी कार्रवाई

    13-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। निचलौल कस्बे में छुट्टा और रात के समय खुले छोड़े जाने वाले मवेशी फल विक्रेताओं के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि रात में दुकानें बंद होने के बाद मवेशी ठेलों पर रखे आम समेत अन्य फलों को खाकर और बिखेरकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान से परेशान व्यापारियों ने पुलिस और नगर पंचायत से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

फल व्यापारी हरी शंकर, विवेक अग्रहरी,शराफत अली, चिंटू, रमजान अली, विकास, विनोद अन्य व्यापारियों के अनुसार कई बार सुबह दुकान पर पहुंचने पर बड़ी मात्रा में आम और अन्य फल खराब अवस्था में मिलते हैं। इससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है।


छोटे व्यवसायियों का कहना है कि पहले ही मौसम और बढ़ती लागत के कारण मुनाफा कम है, ऐसे में छुट्टा पशुओं के साथ कुछ लोग पाले गए पशुओं को भी रात में छोड़ने से होने वाला नुकसान उनकी मुश्किलें और बढ़ा रहा है। इस समस्या को लेकर आसपास के ठेला व्यवसायियों में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए थानाध्यक्ष को लिखित तहरीर देकर जानबूझकर मवेशियों को छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।