Maharajganj News : पहली बरसात पड़ते ही महंगी हुई सब्जियां, 20 रुपये वाली भिंडी पहुंची 70 रुपये किलो

    13-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
लगातार हो रही बारिश का असर अब लोगों की रसोई पर भी दिखाई देने लगा है। हरी सब्जियों के भाव आसमान छूने लगे है। बारिश के पहले भिंडी, तरोई, बोड़ा जो 20 से 30 रुपये बिक रहा था, पानी बरसते ही बढ़कर 50 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। एक सप्ताह में ही रेट में काफी अंतर आ गया, जिससे लोगों के पॉकेट पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं, कारोबारियों का कहना है कि आवक कम होने से दाम में वृद्धि हो जाती है।

किसानों की हरी सब्जियों के आवक घटते ही बाजारों में सब्जियों के भाव आसमान छूने लगे हैं। एक सप्ताह पहले जो सब्जियां 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक बिक रही थीं। वही अब फुटकर बाजारों में 50 से 70 रुपये प्रति किलो तक बेची जा रहीं हैं। वहीं, बेमौसमी सब्जियों के भाव 100 से बढ़कर 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।


थोक सब्जी विक्रेता हरिया यादव ने कहा बारिश होते ही किसान धान की रोपाई में व्यस्त हो गए हैं। मंडी में किसानों की हरी सब्जियों की आवक कम हो गई है, जिसके चलते हरी सब्जियों के भाव में काफी उछाल आया है।

किसान कृष्ण कुमार ने कहा दो से तीन बीघा सब्जियों की खेती करते हैं लेकिन, इन दिनों धान की रोपाई में व्यस्त हैं। समय से मंडी में नहीं पहुंच पाते हैं। धान की रोपाई के बाद ही नियमित मंडी में जाऊंगा।

फुटकर सब्जी विक्रेता फैज़ान ने कहा बारिश के बाद थोक मंडी में हरी सब्जियों के भाव में काफी उछाल आया है। मंडी से महंगे दामों में खरीद कर लाते हैं तो मजबूरन महंगी बेचनी पड़ रही है।