Sports News : नौ साल के अयांश ने बढ़ाया महराजगंज का मान, विश्व शतरंज चैंपियनशिप के लिए चुने गए
14-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के नौ वर्षीय शतरंज खिलाड़ी अयांश सिंह ने 39वीं नेशनल अंडर-9 ओपन चेस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन अंडर-9 विश्व शतरंज चैंपियनशिप और एशियन चेस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हो गया है।
ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन की ओर से रांची के सरला बिरला स्कूल में छह से 12 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में अयांश ने 11 राउंड में नौ अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वह विजेता रायन मिकाएल रोजारियो से मात्र आधा अंक पीछे रहे। इससे पहले अप्रैल में सीतापुर में आयोजित उत्तर प्रदेश स्टेट अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप में अयांश चैंपियन बने थे।
अयांश की इस उपलब्धि पर गोरखपुर जिला शतरंज संघ सहित खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्व और एशियाई प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।