Maharajganj News : तीन दिन की बारिश से खेत हुए तर, लेकिन शहर की सड़कें बनीं तालाब
14-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। जहां एक ओर किसानों के सूखे खेतों को पानी मिलने से उनके चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून सक्रिय होने के बावजूद जिले में लंबे समय तक अच्छी बारिश नहीं होने से किसान और आमजन परेशान थे। इसके चलते उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है। रविवार की रात करीब आठ बजे से झमाझम बारिश शुरू हो गई। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
बारिश के चलते जहां किसानों के चेहरे खिल उठे वहीं कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के सिविल लाइंस, हनुमानगढ़ी, शास्त्रीनगर, मऊपाकड़ व विकास भवन परिसर में जलभराव देखने को मिला। लोग पानी के बीच से होकर निकले। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
थोड़ी सी बारिश में ही जब शहर का ये हाल है तो लगातार बारिश होने पर लोगों की और परेशानी बढ़ेगी। सिविल लाइंस निवासी अंकित ने बताया कि यहां पर हल्की बारिश में ही जलभराव हो जाता है। इसके चलते काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं सुरेश ने कहा कि अभी तो बारिश का मौसम शुरू हुआ है यदि बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र वसूली के कृषि विज्ञानी डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी। बारिश के चलते लोगों को पानी चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बारिश से किसानों की सिंचाई के पैसे बचेंगे।
कहाँ हुई कितनी बारिश
रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक जिले में 17.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 11.2 मिमी बारिश फरेंदा में हुई। इसके अलावा निचलौल में 10.5 मिमी और नौतनवा में 9.27 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।