Maharajganj News : सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों के उड़ गए होश, सड़क किनारे मिला खून से सना शव
14-Jul-2026
Total Views |
नौतनवा। राजेंद्र नगर वार्ड स्थित रेलवे ढाले के पास सोमवार तड़के अर्धनग्न अवस्था में एक अधेड़ का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को भोर में राजेंद्र नगर वार्ड स्थित रेलवे ढाला के पास कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान मार्ग पर ही एक अधेड़ व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से शव की शिनाख्त कराई तो शव की पहचान राकेश भारती (50) निवासी बरवाभोज के रूप में हुई। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी तत्काल मौके पर पहुंचे। बताया गया कि मृतक राकेश भारती नौतनवा कस्बे में ही किसी कपड़े की दुकान पर नौकरी करते थे और अपनी पत्नी व चारों बेटों से अलग रहकर अपना जीवनयापन करते थे। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान और सड़क पर पसरे खून को देख हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
हालांकि, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में गिरने से हुई मौत का प्रतीत होता है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।