Maharajganj News : घर में अकेली छात्रा के साथ क्या हुआ? शाम को सामने आई दर्दनाक सच्चाई

    14-Jul-2026
Total Views |

नौतनवा।
स्थानीय कस्बे के एक वार्ड में सोमवार शाम करीब छह बजे 16 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय कस्बे के एक वार्ड निवासी 16 वर्षीय किशोरी कक्षा 9 की छात्रा है। उसके माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका था। वह अपने दादा और बड़ी बहन के साथ रहती थी। सोमवार सुबह दादा किसी काम से जिला मुख्यालय गए थे, जबकि बड़ी बहन अपनी ड्यूटी के लिए सोनौली नगर पंचायत कार्यालय चली गई थी। घर में उस समय किशोरी अकेली थी।


सोमवार की शाम करीब 6 बजे जब वह ड्यूटी से वापस घर लौटी तो उनके होश उड़ गए। छोटी बहन का शव घर के कमरे की छत में लगी कुंडी से दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था। बड़ी बहन की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग भी मौके पर दौड़े और किशोरी को पास के ही एक निजी अस्पताल ले गए।

जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से ही किशोरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।