Maharajganj News : पहली ही बारिश में डूबा निचलौल का लोहिया वार्ड, घुटने भर पानी से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

    14-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। निचलौल नगर पंचायत के लोहिया वार्ड नंबर-11 में पहली बारिश के बाद से जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। कटरा चौराहा से मधवलिया रोड तक घुटने भर पानी जमा होने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

जलभराव के कारण लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि समस्या की शिकायत कई बार नगर पंचायत से की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका।


लोहिया नगर के वार्डवासी दीनानाथ गुप्त, पिंकू द्विवेदी, राकेश कसौधन, गुलाब गुप्ता, अमरनाथ शर्मा, अजय कुमार, पवन कसौधन, पारसनाथ गुप्ता, अवधेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता और रामप्रसाद कसौधन ने सड़क निर्माण कराकर जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि संबंधित सड़क वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए नगर पंचायत वहां सड़क निर्माण नहीं करा सकती। हालांकि, जलभराव कम करने के लिए नालियों की सफाई कराई जा रही है और जल्द ही जलनिकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।