Maharajganj News : टेंडर हो गया फिर भी अधूरी सड़क-नाली ने बढ़ाई मुसीबत, बारिश में जलभराव से वार्डवासी परेशान

    14-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 20 वीर अब्दुल हमीद नगर में सड़क और नाली का निर्माण कार्य अधूरा होने से गंभीर जलभराव की समस्या विकराल हो गई है। लोगों को सिर्फ आवागमन में ही दिक्कत नहीं है बल्कि यहाँ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और आसपास के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो हालात और बिगड़ सकते हैं।


जलभराव से नाराज़ यहाँ के निवासियों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। नाराज़गी व्यक्त करने वालों में हरिलाल, होरीलाल, सुभावती, इंद्रावती देवी और दूजा देवी सहित कई लोग शामिल रहे।

इस संबंध में वार्ड सभासद मोहम्मद रूहुल्लाह खान ने बताया कि सड़क एवं नाली निर्माण का टेंडर हो चुका है। लगातार बारिश के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा और मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।