Maharajganj News : सोशल मीडिया की एक पोस्ट से मचा बवाल... फिर सड़कों पर उतरे बाइक सवार

    15-Jul-2026
Total Views |

परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर एक समुदाय विशेष के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग बाइक से भिटौली थाने पहुंचे और शिकायत पत्र सौंपा। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि आपन महराजगंज नहीं करता है।

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी एक युवक पर सोशल मीडिया पर एक समुदाय के पवित्र ग्रंथ के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने का आरोप है। इसे लेकर समुदाय के लोगों ने थाना भिटौली में शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पोस्ट से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।


वहीं, वायरल वीडियो में कई बाइक सवार बिना हेलमेट, एक बाइक पर तीन-तीन लोगों के साथ सड़क पर काफिले के रूप में चलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ चालकों के नाबालिग होने की भी चर्चा है। वीडियो सामने आने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संबंधित युवक वर्तमान में दुबई में होने की जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि उसकी फेसबुक आईडी हैक हो गई थी। मामले की तकनीकी जांच के लिए यूजर आईडी और अन्य विवरण साइबर सेल को भेजे गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने वायरल वीडियो का भी संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक भिटौली को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल वीडियो, दोनों मामलों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।