Maharajganj News : पति की दवा में आखिर क्या मिला रही थी पत्नी? कमरे से मिली संदिग्ध चीज ने बढ़ाया शक

    15-Jul-2026
Total Views |

नौतनवा। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर दवा में कीटनाशक मिलाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित पति का कहना है कि बरगदवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की से लगभग दो साल पहले उनका विवाह हुआ था। उसका आरोप है कि शादी के बाद पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से कथित अवैध संबंधों की जानकारी मिलने पर उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई। हाल ही में 29 जून को वह दोबारा ससुराल लौटी।


पीड़ित ने बताया कि उनका लिवर से संबंधित बीमारी के कारण नियमित दवा-इलाज चल रहा है। इधर 8 जुलाई से दवा खाने के बावजूद स्थिति में सुधार की बजाए हालत और बिगड़ने लगी तो उन्हें संदेह हुआ। मंगलवार को डॉक्टर से जांच कराया तो रिपोर्ट देख पीड़ित और डाक्टर दोनों हैरान रह गए। पीड़ित पति का आरोप है कि जब उन्होंने घर जाकर तलाशी ली तो कमरे में बेड के नीचे एक कोने में छिपाकर रखा हुआ कीटनाशक दवा का डिब्बा मिला।

उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधक बनने के कारण उन्हें रास्ते से हटाने के लिए उनकी दवा में कीटनाशक मिला दिया था, जिसके कारण दवा पीने के बाद भी उनकी स्थिति और भी खराब हो गई है। उन्होंने पुलिस से जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।