Gorakhpur News : सराफा बाजार की सबसे बड़ी बिजली समस्या खत्म! अब नहीं होगी बार-बार कटौती
15-Jul-2026
Total Views |
गोरखपुर। सराफा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार होने वाली बिजली फाल्ट और फीडर ट्रिपिंग की समस्या से जल्द राहत मिलेगी। बिजली निगम ने दो चरणों में व्यवस्था सुधारने की योजना लागू करते हुए पहले चरण का कार्य पूरा कर लिया है। पहले फेज में लालडिग्गी बिजली उपकेंद्र से एक नया घंराघर फीडर बनाकर हिंदी बाजार फीडर का लोड कम कर दिया गया है।
दोनों फीडरों के बीच आरएमयू (रिंग मेन यूनिट) स्थापित की गई है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर एक फीडर से दूसरे फीडर को निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा सकेगी। दूसरे चरण में ढीले तार कसे जाएंगे और जर्जर तारों को बदला जाएगा।
बिजली निगम के अनुसार, पहले हिंदी बाजार फीडर से 19 ट्रांसफॉर्मरों पर लगभग 200 एम्पियर का लोड संचालित होता था। नई व्यवस्था के तहत घंटाघर, रायगंज और बनकटी चक सहित 11 ट्रांसफॉर्मर नए घंटाघर फीडर से जोड़े गए हैं, जबकि गोपी गली, गहना बाजार, मदरसा चौराहा, सराय और जेके कॉम्प्लेक्स समेत 10 ट्रांसफॉर्मर हिंदी बाजार फीडर से जुड़े रहेंगे। इससे दोनों फीडरों पर लोड संतुलित रहेगा।
उपखंड अधिकारी राजेश चौहान ने बताया कि नई व्यवस्था से हिंदी बाजार और घंटाघर क्षेत्र के करीब चार हजार उपभोक्ताओं को बार-बार फीडर ट्रिप होने की समस्या से राहत मिलेगी। अधीक्षण अभियंता (शहरी) रणजीत चौधरी, अधिशासी अभियंता अंकित कुमार और अवर अभियंता संदीप कुमार की देखरेख में कार्य पूरा कर दोनों फीडरों को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया।