Maharajganj News : महराजगंज के युवा वैज्ञानिक की होटल में मौत, वजह अब भी रहस्य

    15-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

सिसवा बाजार। महराजगंज जिले के सिसवा नगर पालिका क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की लखनऊ के विभूतिखंड स्थित फाइव स्टार नोवोटेल होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। कर्मचारियों द्वारा काफी प्रयास और आवाज देने के बाद भी कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही विभूतिखंड थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।