Maharajganj News : हर दिन लेटलतीफी, आखिर क्यों समय पर नहीं पहुंच रही यह पैसेंजर ट्रेन?

    15-Jul-2026
Total Views |

नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रेल मार्ग पर चलने वाली 55071/55072 पैसेंजर ट्रेन की लगातार लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को यह ट्रेन करीब ढाई घंटे की देरी से नौतनवा स्टेशन पहुंची, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

यह ट्रेन नकहा जंगल से 3:10 बजे चलकर शाम 5:40 बजे नौतनवा पहुंचती है और शाम 6:55 बजे नौतनवा से नकहा जंगल के लिए प्रस्थान करती है। यह पैसेंजर ट्रेन बढ़नी से चलकर नकहा जंगल जाती है और वहां से नौतनवा के लिए आती है। नौतनवा से गोरखपुर तक जाने के लिए यह अंतिम ट्रेन है। रात में नौतनवा से गोरखपुर के लिए कोई ट्रेन नहीं है।


इसीलिए इस ट्रेन में यात्रियों की काफी भीड़ होती है। यात्रियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से ट्रेन अक्सर चार से पांच घंटे तक विलंब से चल रही है। मंगलवार को भी देरी के कारण नौतनवा, बरवाकला, नईकोट, भगीरथपुर, लक्ष्मीपुर, पुरंदरपुर, झामट, लोकविद्या पीठ नगर और आनंदनगर सहित कई स्टेशनों के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने मजबूरी में अधिक किराया देकर रोडवेज बसों से सफर किया।

स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि आनंदनगर और नकहा जंगल के बीच चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के कारण ब्लॉक लिया गया है। इसी वजह से पैसेंजर ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से संचालित हो रही है।