Maharajganj News : फंदे पर लटकी मिली नवविवाहिता, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
15-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। एक 20 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित रूप से घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को शाम करीब 5:30 बजे ग्राम प्रधान मैनहवा ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि सोनी देवी (20 वर्ष), पत्नी विशाल, निवासी ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया, ने घर की छत की कुंडी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर उपनिरीक्षक राजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फरेंदा, फॉरेंसिक टीम तथा फरेंदा तहसील के नायब तहसीलदार सुधांशु कुमार कन्नौजिया को भी घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं और करीब एक वर्ष पूर्व उनका विवाह कोल्हुई थाना क्षेत्र में हुआ था।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।