Maharajganj News : मरीजों की सुविधाओं पर एसीएमओ की सख्ती, अस्पताल प्रशासन को दिए कड़े निर्देश
16-Jul-2026
Total Views |
मिठौरा। सीएचसी जगदौर का बुधवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, प्रसूति सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. द्विवेदी ने इमरजेंसी ट्रॉमा केयर (ईटीसी), प्रसव कक्ष, नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसूता एवं नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के अंतर्गत लाभार्थियों को किए जा रहे भुगतान, अन्य सरकारी योजनाओं के भुगतान, अभिलेखों के रख-रखाव एवं ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज विवरणों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भुगतान में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की स्वच्छता, ओपीडी एवं आईपीडी की व्यवस्था, मरीजों की उपस्थिति, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. दयानंद सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उमेश शाही, स्टाफ नर्स सविता, सलोनी, विजयलक्ष्मी पटेल, शीला सिंह, सुमन तथा एमसीडी काउंसलर सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।