Maharajganj News : अब घंटों नहीं करना पड़ेगा इंतजार! जिला अस्पताल में शुरू होने जा रही नई व्यवस्था

    16-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिला अस्पताल में रोजाना बढ़ रही मरीजों की भीड़ को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने की तैयारी पूरी कर ली है। अब मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में कम समय तक इंतजार करना पड़ेगा। रोगी कल्याण समिति के माध्यम से ओपीडी के बाहर नए पर्ची काउंटर का निर्माण कराया गया है। यहां मरीजों का पंजीकरण करने के लिए छह काउंटर बनाए गए हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए भवन में पर्ची काउंटर के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। कंप्यूटर, मेज, डेस्क सहित अन्य आवश्यक उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं और काउंटर पूरी तरह तैयार है। अब केवल इसे संचालन के लिए शुरू किया जाना शेष है।


मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में रविवार को पुराने काउंटर से नई व्यवस्था में शिफ्टिंग की जाएगी, ताकि नियमित ओपीडी सेवाएं प्रभावित न हों। इसके बाद नए पंजीकरण केंद्र का शुभारंभ कर मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंजीकरण के दौरान मरीजों को काफी भीड़ का सामना करना पड़ता है। नए काउंटर के शुरू होने से पंजीकरण प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, तेज और सुविधाजनक होगी। छह काउंटर संचालित होने से एक साथ अधिक मरीजों की पर्ची बन सकेगी, जिससे प्रतीक्षा समय भी कम होगा।