Maharajganj News : जमीन का सौदा, 40 लाख एडवांस... फिर खरीदार के साथ हुआ ऐसा खेल
16-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में जमीन खरीद के नाम पर 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सेराज अहमद निवासी विशुनपुर खुर्द, थाना भिटौली से गाटा संख्या-422 की करीब 1 एकड़ 60 डिस्मिल जमीन खरीदने का सौदा तय हुआ था। आरोप है कि सौदे के तहत उन्होंने सेराज अहमद के खाते में 40 लाख रुपये अग्रिम के रूप में जमा कर दिए थे, जबकि शेष धनराशि बैनामे के समय दी जानी थी।
पीड़ित के अनुसार, 25 अगस्त 2025 को तहसील सदर में बैनामे के दौरान सेराज अहमद की पत्नी शाहिदा खातून और उनके दोनों पुत्र इरफान व इशरत पहुंच गए और जमीन बेचने का विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ कि यदि जमीन की बिक्री नहीं होगी तो दो माह के भीतर 40 लाख रुपये वापस कर दिए जाएंगे। इसके लिए चेक भी दिए गए थे।
आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। इसके विपरीत 25 सितंबर 2025 को सेराज अहमद ने उक्त जमीन अपनी पत्नी शाहिदा खातून के नाम बैनामा कर दी। इसके बाद संबंधित लोगों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। तहरीर में मोहम्मद शाहिद सिद्दीकी पर भी पूरे प्रकरण में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर उसकी 40 लाख रुपये की राशि हड़प ली है। उसने पुलिस से धनराशि वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि अशोक कुमार सिंह के तहरीर पर आरोपी सेराज अहमद, शाहिद खातून, इरफान, इशरत निवासी विशुनपुर खुर्द के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।