Maharajganj News : राहुल सिंह के घर पहुंचे डीएम-एसपी, परिवार से मुलाकात कर कही बड़ी बात
16-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में दिवंगत हुए युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह के पैतृक आवास पर गुरुवार को शोक व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी रहा। जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
दोनों अधिकारियों ने राहुल सिंह के निधन को केवल परिवार या जनपद ही नहीं, बल्कि देश के वैज्ञानिक समुदाय के लिए भी एक बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक का इस तरह असमय चले जाना अत्यंत दुखद है और उनकी उपलब्धियां हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिजनों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रकरण से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राहुल सिंह के आवास पर दिनभर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहा। सभी ने दिवंगत युवा वैज्ञानिक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
राहुल सिंह के असामयिक निधन से पूरे महराजगंज में शोक का माहौल है। उन्हें जानने वाले लोग उनकी प्रतिभा, सरल व्यक्तित्व और वैज्ञानिक क्षेत्र में किए गए योगदान को याद कर भावुक नजर आए।