Maharajganj News : निचलौल में तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह! टेम्पो-बाइक टकराने से दो घायल

    16-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। निचलौल कस्बे में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के सामने गुरुवार को टेम्पो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहन चालक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेम्पो चालक महंगू पासवान (55 वर्ष) पुत्र जगदेंई, निवासी ग्राम मनिकापुर, टेम्पो लेकर निचलौल से महराजगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से उसी दिशा में आ रहे मोटरसाइकिल चालक सलमान (22 वर्ष) पुत्र साकिर अहमद, निवासी ग्राम सोनिया बारवां, की मोटरसाइकिल टेम्पो से टकरा गई।


टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों चालक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।