Maharajganj News : स्कूल जाने से पहले दो बार सोचते हैं सक्सेना नगर वार्ड नंबर 24 के बच्चे ! वजह जानना चाहेंगे ?
16-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के सक्सेना नगर के वार्ड नंबर 24 में सड़क न बनी होने से और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से वार्डवासी बेहद परेशान हैं। बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कीचड़ और फिसलन की वजह से फिसलकर चोटिल होने का भी खतरा हमेशा बना रहता है।
इस समस्या से बड़े बुजुर्ग तो परेशान हैं ही, सबसे ज़्यादा परेशान स्कूल जाने वाले बच्चे हैं जो स्कूल जाना चाहते हैं, पढ़ना चाहते हैं लेकिन सड़क पर जलभराव के चलते घर से निकलते समय दो बार सोचते हैं। ऐसे ही एक स्कूल जाने वाले कक्षा 9 के छात्र रवि, जो आरके स्कूल में पढ़ते हैं, ने अपनी परेशानी आपन महराजगंज टीम के साथ साझा की है। उनका कहना है कि बिशप स्कूल के सामने अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। बारिश होने पर पूरे रास्ते में पानी भर जाता है, जिससे स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। कई बार बच्चों और राहगीरों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
इतना ही नहीं उन्होंने हमसे बताया कि इस रास्ते पर स्ट्रीट लाइट की भी समस्या है, जिसके चलते शाम के समय तो यहाँ से आना जाना और ज़्यादा मुश्किल होता है।
उन्होंने 'आपन महराजगंज' के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन से जल्द सड़क का निर्माण कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों को राहत मिल सके और वे बिना किसी परेशानी के अपना भविष्य बनाने स्कूल जा सकें।