Maharajganj News : अस्पताल से गायब नवजात की गुत्थी सुलझी, जांच में सामने आया हैरान करने वाला सच
16-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। फरेंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रसव के बाद रहस्यमय ढंग से गायब हुई नवजात बच्ची को पुलिस ने गोरखपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। तीन दिनों तक चर्चा में रहे इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस जांच के बाद कई अहम तथ्य सामने आए हैं। चिकित्सकीय परीक्षण और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची को अधिकारियों की मौजूदगी में उसकी मां को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, 13 जुलाई को सीएचसी फरेंदा में अगया गांव निवासी ऊषा, पत्नी स्वर्गीय दुर्गेश ने एक बच्ची को जन्म दिया था। वह नवजात बच्ची रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। इसके बाद तीन दिनों तक मामला दबा रहा। जब घटना सुर्खियों में आई और पुलिस ने जांच शुरू की, तब पूछताछ के दौरान प्रसूता के लगातार बदलते बयानों से मामला और उलझ गया। पुलिसिया जांच में सामने आया कि प्रसव के बाद नवजात को उसकी मां ने ही धानी ढाला निवासी अपने एक रिश्तेदार को सौंप दिया था और रिश्तेदार बच्ची को गोरखपुर ले गया।
गोरखपुर में उसने उसे एक अन्य व्यक्ति को सौंप दिया था। नवजात के गायब होने की सूचना मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस और स्वास्थ्य महकमें की टीम सक्रिय हुई तो इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर गोरखपुर से नवजात बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में उसकी मां को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों अपने-अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
इस घटना के बाद सीएचसी फरेंदा की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, घटना के समय उनकी स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्ची को अस्पताल से बाहर ले जाने में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध मे थानाध्यक्ष फरेंदा राघवेंद्र सिंह ने बताया कि नवजात बच्ची बरामद हो गयी है। आवश्यक लिखा-पढ़ी कर उसे विभाग के अधिकारियों के समक्ष उसकी मां को सुपुर्द कर दिया गया है।