Maharajganj News : फर्जी परीक्षा, नकली ट्रेनिंग और नियुक्ति पत्र... बेरोजगारों को ऐसे बनाते थे शिकार
16-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले पांच सदस्यीय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। निचलौल पुलिस ने पांच सदस्यीय गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस का आरोप है कि गिरोह फर्जी परीक्षा, प्रशिक्षण और कूटरचित नियुक्ति पत्र के जरिए बेरोजगार युवाओं को ठगता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना राजचंद्र उर्फ अजीत निवासी कोइली खाल, थाना बड़हलगंज गोरखपुर है। गिरोह में आमोद राठौर निवासी लखनऊ, कुलदीप प्रकाश व उनकी पत्नी आराधना कुमारी निवासी उन्नाव/लखनऊ और मुकेश चौधरी निवासी औराटार टोला पकड़ीअहवा, थाना निचलौल भी शामिल हैं। आरोप है कि गिरोह विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से रुपये वसूलता था।
इसके बाद फर्जी परीक्षा आयोजित कराकर, कूटरचित प्रशिक्षण दिलाने के साथ नकली नियुक्ति पत्र असली बताकर सौंप देता था। पुलिस का आरोप है कि जब पीड़ित अपनी रकम वापस मांगते थे तो आरोपित उनके साथ अभद्रता करते और जान से मारने की धमकी देकर चुप कराने का प्रयास करते थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है।