Maharajganj News : नेपाल में फिर पहाड़ टूटा! सैकड़ों यात्री रास्ते में फंसे, हाईवे पूरी तरह बंद

    16-Jul-2026
Total Views |

सोनौली। नेपाल के चितवन जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पर बड़ा असर डाला है। नारायणगढ़-मुगलिन सड़क मार्ग पर लगातार भूस्खलन होने के कारण बुधवार को भी वाहनों का संचालन बंद रहा। सड़क बंद होने से भारतीय पर्यटकों समेत सैकड़ों यात्री रास्ते में फंस गए, जबकि दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हुए भूस्खलन के बाद बुधवार सुबह सात बजे यातायात बहाल किया गया था लेकिन करीब 10 बजे फिर हुए भूस्खलन के बाद संचालन बंद है। सड़क बंद होने से भारतीय पर्यटकों समेत सैकड़ों यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं। सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

सड़क डिवीजन भरतपुर के अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात फंसे यात्रियों और वाहनों को मलबा हटाकर सुरक्षित निकाल लिया गया था, लेकिन लगातार बारिश के कारण जलविरे सहित कई स्थानों पर दोबारा भूस्खलन शुरू हो गया। इससे सड़क साफ करने का अभियान भी प्रभावित हो रहा है।


जिला आपदा प्रबंधन समिति की आपात बैठक के बाद चितवन जिला प्रशासन कार्यालय ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए नारायणगढ़-मुगलिन सड़क खंड पर अगले आदेश तक सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है।

सड़क डिवीजन भरतपुर के प्रमुख ई. शिव खनाल ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण सड़क खंड में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। जलविरे समेत प्रभावित स्थानों पर मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। हालांकि वर्षा जारी रहने से राहत और सड़क खोलने के कार्य में बाधा आ रही है।

उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि सड़क की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें और सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने भारतीय पर्यटकों सहित सभी यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील की है।