Maharajganj News : रात 12:30 बजे घर पहुंचा राहुल का शव, पिता बोले- बेटे को पहले से था जान का खतरा

    16-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
लखनऊ के होटल नोवोटेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार देर रात उनके पैतृक आवास पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े, जबकि परिजनों ने मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

विभूति खंड पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। देर रात करीब साढ़े 12 बजे पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। एम्बुलेंस से शव उतारते ही परिवार में कोहराम मच गया।


कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निचलौल के उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रवींद्र कुमार सिंह और कोठीभार पुलिस मौके पर तैनात रही। प्रशासन की निगरानी में लोगों के अंतिम दर्शन की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान पिता संजय सिंह, माता रासमुनि, भाई रोहित सिंह, बहन निशु सिंह सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने राहुल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को सांत्वना दी।

इसी बीच राहुल सिंह के पिता संजय सिंह ने उनके दो सहकर्मियों दुर्गाशंकर मिश्रा और चंद्रभूषण मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि राहुल ने कुछ दिन पहले ही उन्हें बताया था कि इन दोनों व्यक्तियों से उनकी जान को खतरा है। पिता के अनुसार, राहुल एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और उन्हें किसी साजिश में फंसाए जाने की आशंका थी। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, राहुल सिंह के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या संबंधित जांच एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

राहुल सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह राजाजीपुरम वार्ड स्थित बाबा मंदिर के समीप बेलवा श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनके असामयिक निधन से सिसवा नगर सहित पूरे महराजगंज जिले में शोक का माहौल है।