Maharajganj News : सात पांच पुल के पास मगरमच्छ की दस्तक ! रेस्क्यू से पहले पानी में हुआ गायब
17-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल-सिसवा मार्ग स्थित सात पांच पुल के समीप देवरिया शाखा नहर में गुरुवार को मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक नहर किनारे लोगों की भीड़ लगी रही।
ग्रामीणों के अनुसार, नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नारायणी (गंडक) नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में दर्जनिया ताल से बहकर मगरमच्छ नहरों के रास्ते दूर-दराज के इलाकों तक पहुंच जाते हैं। जलस्तर कम होने पर इनके खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आने की आशंका बनी रहती है, जिससे नहर किनारे रहने वाले लोगों में दहशत है।
ग्रामीणों ने मगरमच्छ दिखने की सूचना वन विभाग को दी और उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल या नदी में छोड़ने के साथ ही नहर किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने बताया कि सूचना मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ नहर में छलांग लगाकर पानी में चला गया। इसके बाद भीड़ को हटाकर लोगों को सतर्क रहने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।