Maharajganj News : रसीद दिखाने के बाद भी थाने ले गई पुलिस, फिर यूरिया को बता दिया 'लावारिस'?

    17-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में यूरिया बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि एकसड़वा चौकी के पास पुलिस ने दो बोरी यूरिया लेकर जा रहे एक युवक को रोकने के बाद उसे थाने ले गई और बाद में उर्वरक को 'लावारिस बरामदगी' दिखाकर कस्टम कार्यालय भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह और हेड कांस्टेबल विश्वराम ने बाइक संख्या UP56Q3779 पर दो बोरी यूरिया लेकर जा रहे युवक को रोककर पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह उर्वरक अपने खेत में उपयोग के लिए ले जा रहा है।


पुलिस ने जब उर्वरक की रसीद मांगी तो युवक ने रसीद प्रस्तुत की। आरोप है कि रसीद में एक बोरी यूरिया और एक बोरी डीएपी दर्ज थी, जबकि बाइक पर दो बोरी यूरिया लदी हुई थी।

इसके बाद पुलिस युवक और उर्वरक को कोल्हुई थाने ले आई। दावा किया जा रहा है कि युवक के थाने लाए जाने की पूरी घटना थाने के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज है।

आरोप यह भी है कि बाद में पुलिस ने युवक को छोड़ दिया और बरामद उर्वरक को कस्टम अधिनियम के तहत 'लावारिस बरामदगी' दर्शाते हुए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया।

फ़िलहाल, इस मामले में पुलिस या कस्टम विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।