Maharajganj News : धमाके के बाद पलटी पिकअप, गनीमत रही कि बच गई कई जिंदगियां

    17-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के बरगदवां थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पिपरा गांव के पास फलों से लदी एक पिकअप का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर फल बिखर गए और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप संख्या UP 56 AT 5748 बरगदवां बाजार की ओर फल लादकर जा रही थी। पिपरा गांव के समीप पहुंचते ही अचानक तेज धमाके के साथ उसका टायर फट गया। चालक वाहन पर से नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क पर पलट गई।


हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने केबिन में फंसे चालक और क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि यह वाहन बरगदवां निवासी आलोक रौनियार पुत्र दिलीप कुमार का है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पलटे वाहन को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। समय रहते सभी के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।