Maharajganj News : बाढ़ से पहले ही फेल हुई सुरक्षा! रोहिन नदी किनारे फटे जियोट्यूब
17-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र से होकर बहने वाली रोहिन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच बाढ़ से बचाव के लिए लगाए गए लाखों रुपये की लागत वाले जियोट्यूब फटने से तटबंध की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे तटीय गांवों के लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
खालिक गढ़ आराजी सुबाइन के पास फटे जियोट्यूब क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे उनमें भरी बालू सीधे नदी में बह रही है। यह स्थिति तब बनी है जब अभी तक बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी के तेज बहाव और कटाव के दबाव से जियोट्यूब गुब्बारे की तरह फट गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इससे तटबंध में 'रैट होल' बनने का खतरा बढ़ सकता है, जो तटबंध की मजबूती को प्रभावित कर सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सिंचाई विभाग ने आवश्यक कदम नहीं उठाए, तो जलस्तर बढ़ने पर मझार क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गाँव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।
हालाँकि सिंचाई विभाग का दावा कुछ अलग है। सिंचाई विभाग के जेई के.एम. सिंह ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से जियोट्यूब को क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे वह फट गया। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि जियोट्यूब की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।