Maharajganj News : एक्सपायर्ड डीएल वाले दिव्यांग चालक से चलवा रहा था स्कूल वाहन! एआरटीओ की कार्रवाई से हड़कंप

    17-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। स्कूली वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने एक निजी स्कूल की गंभीर लापरवाही उजागर की है। जांच में एक ऐसा स्कूल वाहन पकड़ा गया, जिसे एक दिव्यांग चालक चला रहा था और उसका ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) भी समाप्त हो चुका था। एआरटीओ ने तत्काल वाहन को सीज कर जिला मुख्यालय भेज दिया।


शासन व राज्य परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एआरटीओ मनोज कुमार सिंह की अगुवाई में एक जुलाई से प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। इसमें दो टीमें लगी हैं। गुरुवार को एआरटीओ टीम के साथ फरेंदा बाइपास मार्ग पर जांच कर रहे थे। एक निजी स्कूल को एआरटीओ ने रोककर जांच कराई तो स्कूल वाहन मानक विहीन मिला। इस स्कूल वाहन को संचालित करने वाला एक पैर से दिव्यांग था साथ ही उसके डीएल की अवधि भी पूरी हो चुकी थी। एआरटीओ ने वाहन सीज कराकर जिला मुख्यालय भेजा और स्कूल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का सिफारिशी पत्र बीएसए सुरजीत कुमार सिंह व डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा को भेजा।

एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।