Maharajganj News : सीमा पर तस्करों की बड़ी साजिश नाकाम, लाखों का कपड़ा और नेपाली बाइक बरामद

    17-Jul-2026
Total Views |

खनुआ।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नेपाली नंबर प्लेट की बाइक के साथ बड़ी मात्रा में कपड़ा बरामद किया है। हालांकि पुलिस की आहट मिलते ही तस्कर सामान छोड़कर फरार हो गए।

सीओ नौतनवा बसंत सिंह की निगरानी में सोनौली पुलिस सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही थी। खनुआ चौकी प्रभारी अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम शेख फरेंदा गांव के पश्चिम स्थित आम के पेड़ के पास पहुंची कि वहां एक नेपाली नंबर प्लेट की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। तलाशी लेने पर बाइक के पास से 27 सेट लेडीज सूट-सलवार तथा हरे रंग के सूट का 188 पीस कपड़ा बरामद हुआ।


पुलिस ने बरामद कपड़े और नेपाली नंबर प्लेट की बाइक को कब्जे में लेकर थाना सोनौली पहुंचाया। इसके बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए पूरा सामान नौतनवा कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।