Maharajganj News : 'अगर मुझे कुछ हुआ तो पुलिस जिम्मेदार'... युवक की पोस्ट से मचा हड़कंप

    17-Jul-2026
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी शिवम उर्फ साहेब यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर)पर अपनी जान को खतरा बताते हुए महराजगंज पुलिस, डीजीपी उत्तर प्रदेश और डीआईजी गोरखपुर को टैग किया। युवक ने दावा किया कि पहले उस पर जानलेवा हमला कराने के मामले में नामजद रहे एक व्यक्ति से उसे अब भी सुरक्षा का खतरा है।

युवक ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। साथ ही उसने एक पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें कथित रूप से सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश और दर्ज प्राथमिकी का उल्लेख है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए महराजगंज पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से जवाब दिया गया कि प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा को निर्देशित किया गया है।


पुलिस के जवाब के कुछ समय बाद युवक ने फिर पोस्ट कर दावा किया कि अब तक पुलिस ने न तो उससे संपर्क ही किया है और न ही किसी प्रकार की जांच शुरू हुई है। उसने दोबारा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। 

वहीं, श्यामदेउरवा थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के दो व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में पाबंद किया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।