Maharajganj News : राहुल की मौत की जांच में बड़ा ट्विस्ट! अब कॉल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजैक्शन खंगालेगी पुलिस

    17-Jul-2026
Total Views |

लखनऊ/महराजगंज। विभूतिखंड स्थित नोवोटेल होटल में युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध मौत की जांच अब और गहराती जा रही है। मामले में लखनऊ पुलिस जल्द ही बस्ती पुलिस से संपर्क कर राहुल के खिलाफ दर्ज एफआईआर, उनकी ओर से की गई शिकायत और उस पर हुई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी जुटाएगी।

इस मामले में सबसे खास बात यह है कि राहुल ने जिस दिन एडीजी गोरखपुर जोन से कारोबारी चंद्रभूषण मिश्र की शिकायत की थी, उसके अगले ही दिन उन पर बस्ती के नगर थाने में एफआईआर दर्ज हो गई। यह एफआईआर चंद्रभूषण की तहरीर पर दर्ज हुई थी। लखनऊ पुलिस इन सभी बिंदुओं की पड़ताल करेगी। यह पता लगाया जाएगा कि आखिर यह संयोग है या साजिश के तहत सबकुछ हुआ।


राहुल के भाई रोहित ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस राहुल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि चैट में राहुल को धमकी दी गई होगी तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चंद्रभूषण को नोटिस देकर पूछताछ कर सकती है। पुलिस ने राहुल के बैंक खातों का भी ब्योरा मांगा है। इसके आधार पर वित्तीय लेनदेन खंगाला जाएगा।

जांच में सबसे अहम बिंदु यह सामने आया है कि बस्ती में मामला दर्ज होने के बाद विवेचक ने राहुल को बुलाया था। राहुल ने विवेचक के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे। उन्होंने बताया था कि ठगी उनके साथ हुई है, जबकि चंद्रभूषण का आरोप है कि राहुल ने उनसे रुपये लिए और लाटाए नहीं। दोनों ही लोगों की ओर से दी गई शिकायत में रकम के लेनदेन का जिक्र तो है, लेकिन वजह में अंतर है। ऐसे में पुलिस के सामने लेनदेन का असली कारण पता लगाना चुनौती से कम नहीं है।

लखनऊ पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से दी गई तहरीर स्पष्ट नहीं है। परिजन स्पष्ट तहरीर देंगे तो संबंधित लोगों से पूछताछ कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, राहुल के भाई रोहित हत्या का आरोप लगाते हुए लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को नोवोटेल होटल के कमरे में राहुल सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आगे की जांच के लिए राहुल का विसरा और हृदय सुरक्षित रखा गया है।