Maharajganj News : अतिक्रमण ने डुबो दिया 50 एकड़ धान, शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
17-Jul-2026
Total Views |
चिउटहां। विकासखंड सिसवा की ग्रामसभा सेमरी में लगातार बारिश के बाद जलनिकासी बाधित होने से करीब 50 एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई। जलभराव के कारण लगभग 25 किसानों की मेहनत पर संकट खड़ा हो गया। किसानों की शिकायत पर तहसील निचलौल प्रशासन हरकत में आया और जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवाकर पानी निकासी का रास्ता साफ कराया।
किसानों की शिकायत के बाद जांच के लिए पहुंचे कानूनगो रामनिवास एवं लेखपाल विपिन कुमार ने जांच में पाया गया कि पुलिया के पास अतिक्रमण के कारण पानी का प्राकृतिक निकास अवरुद्ध हो गया था, जिससे खेतों में पानी भर गया था। उच्च अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी का रास्ता साफ कराया गया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा। कानूनगो रामनिवास ने बताया कि निरीक्षण में जलनिकासी का मार्ग अवरुद्ध मिला था। अतिक्रमण हटाकर पानी निकलने का रास्ता खोल दिया गया है, जिससे जलभराव कम होगा और फसल को नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।
जलभराव से प्रभावित किसानों में राम किशोर तिवारी, आनंद तिवारी, अमित, राहुल देव पांडेय, दुखी प्रसाद, पूर्णमासी नाथ, मोहन, सुख, छोटू, मुन्ना, नारायण और बृजलाल समेत करीब 25 किसान शामिल हैं। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है और फसल बचने की उम्मीद जताई है।