Maharajganj News : दुकानदार दिखा रहा था गहने, महिला गैंग ने कर दिया बड़ा खेल

    18-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। बृजमनगंज कस्बे के सना ज्वेलर्स में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि पांच महिलाओं के एक समूह ने गहने खरीदने के बहाने दुकान में प्रवेश किया और मौके का फायदा उठाकर सोने का एक झालर चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के अनुसार, पांच महिलाएं एक टेम्पो से दुकान पर पहुंचीं। पहले दो महिलाएं दुकान के अंदर आईं, जिनके कुछ देर बाद तीन अन्य महिलाएं भी उनके साथ आ गईं। दुकान मालिक ने उन्हें बारी-बारी से गहने दिखाए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक महिला ने पीछे की कुर्सी से आगे आकर बैठ गई और दूसरी महिला ने उसे कान का झालर दे दिया। बाद में आई तीन महिलाएं, जिनमें से एक ने धीरे से जेवर चुराया था, वे पहले बाहर निकल गईं। इसके बाद, पहले आईं दोनों महिलाएं भी कुछ देर बाद दुकान से चली गईं।


दुकान मालिक को तब चोरी का पता चला जब वे सोने के जेवरों का मिलान कर रहे थे। उन्होंने पाया कि एक झालर गायब है। शाम को उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा सके।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।