Maharajganj News : सड़क पर बहता रहा हजारों लीटर पानी, 14 वार्डों में पेयजल संकट

    18-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मऊपाकड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 एस पर चल रहे नाला निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार शाम जलकल विभाग की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। बुलडोजर की खुदाई के दौरान पाइपलाइन टूटने से पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद पानी की बर्बादी रोकने के लिए विभाग ने तत्काल जलापूर्ति बंद कर दी। इससे शहर के करीब 14 वार्डों में पेयजल संकट पैदा हो गया।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को नाला निर्माण कार्य के दौरान बुलडोजर से खोदाई कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान जलापूर्ति की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेजी से पानी सड़क पर बहने लगा। जिम्मेदारों ने तत्काल आपूर्ति बाधित कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। हालांकि जलापूर्ति बाधित होने से विस्मिलनगर, मऊपाकड़, सिविल लाइन, शास्त्री नगर, लोहिया नगर समेत आसपास के वार्डों में हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि नाला निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। जलापूर्ति रोककर लीकेज ठीक कराया जा रहा है।