Maharajganj News : राहुल सिंह की मौत पर उठा CBI जांच का मुद्दा, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने सरकार से की बड़ी मांग
18-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
लखनऊ। युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अब विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि राहुल सिंह की मौत से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार एवं युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के असामयिक एवं रहस्यमयी निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहुल सिंह असाधारण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में ड्रोन बनाकर युवा वैज्ञानिकों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की थी। वहीं, 16 वर्ष की आयु में बैटरी से चलने वाला ट्रैक्टर विकसित कर अपनी अद्भुत वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया था। ऐसे प्रतिभाशाली युवा का असमय निधन देश, समाज और विज्ञान जगत के लिए अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति है।
गोपाल राय ने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को विश्व हिंदू रक्षा परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल महराजगंज जिले के थाना कोठीभार क्षेत्र स्थित सिसवा पहुंचकर राहुल सिंह के परिजनों से मुलाकात करेगा और शोक संवेदना व्यक्त करेगा।
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से मनीष राय, हिमांशु धवल, पंकज अग्रवाल, ओम शंकर गुप्ता, श्याम बिहारी, कार्तिक माथुर, ममता चौधरी, रितेश कुमार एवं अन्य लोग उपस्थित रहेंगे। विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने राहुल सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।