Maharajganj News : मतदाता सूची की जांच में मचा बवाल, प्रधान और पूर्व प्रधान आमने-सामने

    02-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। बृजमनगंज विकासखंड के गुजरौलिया ग्राम सभा में बुधवार को मतदाता सूची की जांच के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब वर्तमान ग्राम प्रधान और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के कारण जांच प्रक्रिया बीच में ही रोकनी पड़ी। अब पूरे मामले की जांच नायब तहसीलदार करेंगे।

जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान सोनू सिंह ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि ग्राम सभा की मतदाता सूची में बीएलओ द्वारा गंभीर अनियमितताएं की गई हैं।

शिकायत में कहा गया कि सूची में तीन मृत व्यक्तियों के नाम अब भी दर्ज हैं, जबकि 22 ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं जो वर्तमान में सिद्धार्थनगर जिले में निवास करते हैं। प्रधान ने इन सभी नामों को मतदाता सूची से हटाने की मांग की थी।


इसी शिकायत के आधार पर बुधवार को अधिकारियों की मौजूदगी में मतदाता सूची की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गए। विवाद बढ़ने पर अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया फिलहाल रोक दी।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार को सौंपी है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।