Maharajganj News : 'शादी करो, वरना जिंदगी बर्बाद कर दूंगा', फिर शुरू हुआ खौफनाक खेल
02-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के नौतनवा कस्बे की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कुशीनगर निवासी एक युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा है और मना करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। आरोपी युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट करता है।
नौतनवां के एक वार्ड की रहने वाली युवती ने बताया कि वह अपने रिश्तेदारी में कुशीनगर जिले के खैरटवा बाजार गई थी। वहीं उसकी पहचान मलुकही निवासी सचिन वर्मा से हुई जो ज्वेलर्स की दुकान चलाता है। आरोप है कि मोबाइल नंबर मिलने के बाद सचिन लगातार फोन कर परेशान करने लगा। परिवार के समझाने और उसके परिजनों को सूचना देने के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर शादी का दबाव बनाता रहा। इतना ही नहीं, उसने युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि 17 जून की रात आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि शादी नहीं की तो उसका जीवन बर्बाद कर देगा और कहीं शादी नहीं होने देगा।
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।