Maharajganj News : एक APK फाइल... और मिनटों में खाली हो गया बैंक खाता!

    02-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एपीके (APK) फाइल के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी केवाईसी, आरटीओ चालान, पीएम किसान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजते थे। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़ित के मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी उनके नियंत्रण में आ जाती थी, जिसके बाद खाते से रकम निकाल ली जाती थी।

जांच में महाराष्ट्र के एक निवासी से गैस कनेक्शन केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर 4.40 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेनदेन और संदिग्ध मोबाइल लोकेशन के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिले साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड न करें, केवल अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।