Maharajganj News : महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, कई जिलों में वांछित चोर गिरोह का पर्दाफाश

    20-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का गेहूं, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, नकदी और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।

रविवार को सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने पुलिस टीम के साथ त्रिमुहानी घाट से पहले जंगल महलगंज जाने वाले बंधे के मोड़ के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश साहनी निवासी वोक्टा वार्ड संख्या-13 थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर, बृजेश साहनी और विशाल साहनी निवासी ग्राम जिन्दापुर टोला केवटान थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।


तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच बोरी चोरी का गेहूं, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू, 2,610 रुपये नकद और कार बरामद की। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कमलेश साहनी के खिलाफ गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और महराजगंज समेत कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 28 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरे आरोपी बृजेश के खिलाफ भी कई जिलों में चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया।