Maharajganj News : शिव मंदिर के पास रहस्यमयी घटना, मछलियों की मौत से फैली दुर्गंध और दहशत
20-Jul-2026
Total Views |
कोल्हुई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित शिव मंदिर के समीप बने पोखरे में रविवार को बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पोखरे में जगह-जगह पानी की सतह पर उतराई हुई मछलियों के कारण दुर्गंध फैलने लगी, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत सामान्य घटना नहीं है। लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पोखरे में जहरीला पदार्थ डाल दिया है और इसी वजह से मछलियों की मौत हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और पानी का परीक्षण कराने की मांग की है, ताकि मछलियों की मौत के कारण का पता चल सके। साथ ही मरी हुई मछलियों को तत्काल पोखरे से हटाकर साफ-सफाई कराने की भी मांग उठाई है, जिससे फैल रही दुर्गंध से लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो इससे पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, ग्राम प्रधान पंकज सिंह ने जहरीला पदार्थ डालने की आशंका से अलग कारण बताया। उनके अनुसार, पोखरे में गैस बनने के कारण मछलियों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मृत मछलियों को बाहर निकलवाकर पोखरे की सफाई कराई गई है तथा चूना डलवाकर बची हुई मछलियों को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।