Maharajganj News : नेपाल यात्रा से पहले पढ़ लें यह खबर, रात 10 बजे से बंद रहेगा अहम हाईवे

    20-Jul-2026
Total Views |

सोनौली। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच नेपाल के चितवन जिला प्रशासन ने नागरिकों और भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा को देखते हुए रविवार रात 10 बजे से नारायणगढ़-मुग्लिंग सड़क खंड और चितवन की ओर जाने वाले पृथ्वी राजमार्ग पर रात्रिकालीन यातायात अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी गणेश आर्यल ने बताया कि धादिंग सहित विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन की आशंका के कारण रात में इस मार्ग पर वाहनों का संचालन रोक दिया जाएगा। अंधेरे में यात्रा करना अधिक जोखिमपूर्ण हो सकता है, इसलिए यात्रियों और चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार रात भी भारी बारिश के कारण इस मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था।


प्रशासन ने बिना अत्यंत आवश्यक कार्य के यात्रा से बचने और जोखिम की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी है। यात्रियों से अतिरिक्त कपड़े, सूखा भोजन, पीने का पानी, मोबाइल चार्जर तथा आवश्यक दवाइयां साथ रखने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में नेपाल प्रहरी, सशस्त्र प्रहरी बल या जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।

सोनौली सीमा, भैरहवा और नारायणगढ़ मार्ग से नेपाल जाने वाले भारतीय यात्रियों को भी मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।