Maharajganj News : दो दिन में खत्म हुई गैस, सिलेंडर खोलकर देखा तो उड़ गए होश! थाने में मामला
20-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम खैराटी निवासी एक उपभोक्ता मनोज कुमार ने स्थानीय गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित का दावा है कि उसे गैस रिफिल की जगह पानी से भरा सिलेंडर दिया गया। शिकायत करने पर एजेंसी कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि गैस बुकिंग के बाद गैस एजेंसी द्वारा जो गैस सिलेंडर उसे डिलीवरी की गई, उसमें गैस की जगह पर पानी भरा हुआ था। इसकी शिकायत को लेकर वह पिछले एक सप्ताह से एजेंसी का चक्कर लगा रहा था। अब उसे धमकी दी जा रही है। मनोज का आरोप है कि बीते 6 जुलाई को गैस बुकिंग के बाद उसे गैस सिलेंडर रिफिल गैस एजेंसी द्वारा दिया गया।
दो दिनों के इस्तेमाल के बाद सिलेंडर की गैस समाप्त हो गई। संदेह होने पर गैस सिलेंडर की जांच की गई तो उसमें पानी भरा हुआ मिला। वह जब गैस एजेंसी पहुंचा तो उसे घंटो वहां बैठाये रखा गया। कुछ घंटे बीत जाने के बाद जब उसने दोबारा शिकायत की तो वह कर्मचारी भड़क उठा और उसे गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।