Maharajganj News : सावन में श्रद्धालुओं को नहीं होगी परेशानी, रोडवेज ने यहाँ के लिए शुरू की स्पेशल बस सेवा
20-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। सावन माह में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए महराजगंज रोडवेज डिपो ने विशेष बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह के मद्देनजर 29 जुलाई से काशी विश्वनाथ, अयोध्या स्थित नागेश्वरनाथ मंदिर और जनपद के प्रसिद्ध इंटहिया शिव मंदिर के लिए विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।
सावन महीने में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जनपद के लोग भगवान शिव के अभिषेक के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर व अयोध्या के नागेश्वर नाथ धाम की यात्रा करते हैं। इन दोनों ही स्थानों तक आने-जाने में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिपो से 29 जुलाई से चार बसें काशी के लिए और दो अयोध्या नागेश्वर नाथ मंदिर के लिए संचालित होंगी।
इसके अलावा जनपद में मिनी बाबा धाम के नाम से मशहूर इंटहिया शिव मंदिर तक बाहर से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए महराजगंज बस स्टेशन पर चार रोडवेज बसें रिजर्व रहेंगी। यह बसें श्रद्धालुओं को मुख्यालय से निचलौल, गड़ौरा होते हुए इंटहिया मंदिर पहुंचाएंगी। एआरएम की तरफ से इस व्यवस्था को लागू करने से पहले सभी बसों को साफ-सुथरा करने एवं तकनीकी जांच के लिए डिपो वर्कशॉप भेजा गया है।