Maharajganj News : हर साल करोड़ों के दावे, लेकिन चार दिन की बारिश में डूब गई सड़क
20-Jul-2026
Total Views |
ठूठीबारी। लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने ठूठीबारी के शांतिनगर मोहल्ले से मरचहवां जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है। पिछले चार दिनों से सड़क पर घुटनों तक पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नाली निर्माण के बावजूद जल निकासी नहीं होने से समस्या गंभीर हो गई है। इसके परिणामस्वरूप हर वर्ष बरसात के मौसम में मुख्य सड़क पर पानी भर जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह समस्या दशकों से बनी हुई है लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि से अनदेखा कर रहे है।
ग्रामीण सृजन रौनियार, गजेंद्र मद्धेशिया, अजय निगम, विशाल कुमार निगम, उमाकांत पांडेय, सूरज, राजन, आशीष, आकाश, नित्या ने बताया कि बरसात शुरू होते ही मोहल्ले की सड़क पानी में डूब जाती है। ससे सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में लोगों को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस संबंध में ग्राम प्रधान अजय कुमार ने बताया कि सड़क का स्तर नीचे होने के कारण पानी जमा हो रहा है। समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।