Maharajganj News : अभी निर्माण पूरा भी नहीं हुआ और पहली बरसात में धंसने लगा अमृत सरोवर
21-Jul-2026
Total Views |
सिसवा बाजार। सिसवा कस्बे के मीराबाई नगर, वार्ड संख्या-25 में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है। निर्माणाधीन सरोवर की कई जगहों पर दीवारें धंसने लगी हैं, जबकि सीढ़ियों में दरारें पड़ने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
एक सामाजिक कार्यकर्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। अमृत सरोवर योजना केंद्र सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। सिसवा कस्बा निवासी वृजेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि कस्बे के मीराबाई नगर, वार्ड संख्या-25 में अमृत सरोवर योजना के तहत लगभग चार करोड़ की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इसका उद्देश्य जनहित में जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। मगर निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। निर्माण पूरा होने से पहले ही सीढ़ियों में दरारें पड़ गई हैं और बरसात के कारण कई स्थानों पर निर्माण धंसने लगा है। यह प्रथम दृष्टया घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग, तकनीकी मानकों की अवहेलना और सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर संकेत करता है।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अमृत सरोवर के निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोककर किसी स्वतंत्र तकनीकी संस्था से गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।