Maharajganj News : बरसात बनी आफत! धंसी सड़क पर गिरे बुजुर्ग, घरों तक पहुंचा पानी

    21-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। लगातार हो रही बारिश ने निचलौल विकास खंड के मुसहर ग्रामसभा भेड़िहारी में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जलभराव और सड़क धंसने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर सड़क की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाई।

ग्रामीणों के अनुसार, सुनील कुमार के घर से विंध्याचल चौहान के घर तक जाने वाली सड़क कई स्थानों पर धंस गई है, जिससे बरसात का पानी जमा हो गया है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे इसी मार्ग से गुजर रहे बुजुर्ग चंद्रिका साहनी बाइक समेत फिसलकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।


ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण बबीता देवी के घर में भी पानी घुस गया है, जिससे कीड़े-मकोड़ों के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं उमेश के घर से भग्गन के घर तक जाने वाली सड़क भी धंस गई है, जिसके चलते वहां भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण गीता, अनीता, मनोरमा, बबीता, भूटेली, जीतन, उमेश, श्यामदेव, चंद्रिका, सुनील कुमार, रामअवतार और रंजीत यादव ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।

उनका कहना है कि हर साल बरसात में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। खंड विकास अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आई है। संबंधित ग्राम सचिव और सफाईकर्मियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। समाधान का प्रयास किया जाएगा।